सौरभ जायसवाल की रिपोर्ट
महराजगंज जिला के धानी बाजार में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। काली मंदिर परिसर में लंबे समय से कचरा जमा होने पर स्थानीय निवासी प्रतीक अग्रहरी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायत के निस्तारण के नाम पर ब्लॉक धानी के सहायक विकास अधिकारी पर फर्जी रिपोर्ट तैयार करने का आरोप है। इस रिपोर्ट में चार लोगों के हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों ने फर्जी बताया है।
इस मामले को लेकर व्यापार मंडल धानी बाजार के अध्यक्ष बलराम अग्रहरी और महामंत्री अभिषेक अग्रहरी के नेतृत्व में सोमवार को पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी फरेंदा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बाजार की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और फर्जी रिपोर्ट तैयार करने वाले अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
व्यापारियों ने प्रशासन से धानी बाजार को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो।
उपजिलाधिकारी फरेंदा शैलेंद्र गौतम ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने धानी की बीडीओ माधुरी से बात कर मौके पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।आश्वासन भी दिया है।
इस दौरान व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष दीपक अग्रहरी, मंत्री अभिषेक अग्रहरी, मीडिया प्रभारी शनिदेव अग्रहरी और शिकायतकर्ता प्रतीक अग्रहरी सहित कई व्यापारी मौजूद थे।