मो. अलीम की रिपोर्ट
बाराबंकी जनपद के थाना कुर्सी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जबरी खुर्द में 23 मई की रात करीब 8:30 बजे बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद शुरू हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। मामले को लेकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात गांव में काफी देर से बिजली नहीं आ रही थी, जिसके बाद ग्राम प्रधान द्वारा लाइनमैन को मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान पता चला कि ट्रांसफार्मर की खूंटी टूटी हुई है, जिससे इलाके की सप्लाई बाधित थी। इसी बीच गांव के आबिद, मुनई, अन्ना, सुऐब, पुत्र गण साजिद व जेबु समेत कई लोग वहां पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले कहासुनी हुई और फिर माहौल अचानक बिगड़ गया।
प्रधान पक्ष का आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर विरोधी पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। आरोप है कि छतों से ईंट-गुम्मे फेंके गए, जिससे पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना में ग्राम प्रधान के सिर में चोट आई। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान महिलाएं और बच्चे भी दहशत में आ गए और लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।
आरोप यह भी लगाया गया है कि हमलावरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। इतना ही नहीं, बिजली पोल पर लगा सरकारी कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। प्रधान पक्ष का कहना है कि कैमरों की मेमोरी तक निकाल ली गई ताकि घटना के सबूत मिटाए जा सकें। इसके अलावा प्रधान के घर का बिजली मीटर तोड़े जाने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद मामला उस समय और चर्चाओं में आ गया जब विरोधी पक्ष की भाभी का बयान सामने आया। महिला ने अपने ही देवरों पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। महिला का कहना है कि उनके पति की मृत्यु हो चुकी है और वह अकेली होने के कारण खुलकर विरोध नहीं कर पा रही हैं। महिला के बयान के बाद गांव में पुराने जमीन विवाद को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ग्राम प्रधान का कहना है कि घटना के बाद उनके परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार के सदस्यों का लगातार पीछा किया जा रहा है और उन्हें किसी बड़ी घटना की आशंका है। प्रधान ने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस के थाना कुर्सी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी लेने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।