नेपाल के प्यूठान जिले में तीर्थयात्रियों से भरी गाड़ी पलटी, दो की मौत, 18 घायल।

श्रीकांत मद्धेशिया की रिपोर्ट 

सोनौली:-  महराजगंज जिले के तीर्थयात्रियों से भरी एक गाड़ी नेपाल में दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इस हादसे में एक महिला और उसकी तीन साल की बेटी की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जिले के भिटौली क्षेत्र के सेमरा राजा निवासी ये लोग नेपाल के स्वर्गद्वारी मंदिर में दर्शन-पूजन करने जा रहे थे। इस हादसे की सूचना पर जिले के अफसर सतर्क हो गए। उपजिलाधिकारी नौतनवा नवीन प्रसाद एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंच गए हैं, वहीं सोनौली में दस एंबुलेंस लगा दी गई है। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने समन्वय के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त-राजस्व को सोनौली भेजा है। भिटौली के सेमरा राजा गांव के लोग नेपाल के प्यूठान जिले में स्थित स्वर्गद्वारी प्रभुनाथ मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। स्वर्गभूमि यातायात समिति की भारतीय तीर्थयात्रियों से भरी यह गाड़ी स्वर्गद्वारी प्रभुनाथ मंदिर की ओर जा रही थी। इसी दौरान प्यूठान जिले के स्वर्गद्वारी नगरपालिका-4 टाकुरा क्षेत्र में वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 फुट नीचे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में करन नाथ मौर्य की तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी निर्मला मौर्य 30 ने इलाज के दौरान बुटवल अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में 18 अन्य यात्री घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायलों में करन नाथ मौर्य भी शामिल हैं।

हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भिंगरी में भर्ती कराया गया। ड्राइवर समेत कुल 17 लोगों को रेफर किया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। समस्त इंतजाम किए जा रहे : डीएम

महराजगंज के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि नेपाल में हुए हादसे में एक महिला और एक उसकी बच्ची की मौत हुई है। घायलों के इलाज और अन्य जरूरी सुविधा के लिए उपजिलाधिकारी नौतनवा को मौके पर एंबुलेंस के साथ भेजा गया है। एडीएम वित्त-राजस्व सोनौली में कैंप कर समस्त इंतजाम सुनिश्चित कर रहे हैं। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की मेडिकल टीम को हाईअलर्ट पर रखा गया है। नेपाल के रुपन्देही के सीडीओ से बात हुई है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!