तौसीफ़ ख़ान की रिपोर्ट
बेलहरा / बाराबंकी:- मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के हिदायतपुर गांव में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते तीन घरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गृहस्थी का सामान, अनाज और नगदी समेत लाखों का नुकसान हो गया।
करीब 11 बजे रामसजीवन की पत्नी चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान चिंगारी छप्पर तक पहुंच गई। तेज हवा के चलते आग भड़क गई और पड़ोस में रामू यादव व जगदीश के घर तक फैल गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक तीनों घरों का सामान जल चुका था।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी पर नायब तहसीलदार और लेखपाल भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजने की बात कही है। साथ ही पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता देने का आश्वासन दिया गया।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। फिलहाल तीनों परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।