महराजगंज के सोनौली क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को 390 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया। NDPS एक्ट में केस दर्ज।
महराजगंज/सोनौली (श्रीकांत मद्धेशिया की रिपोर्ट): जिले के सोनौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को प्रतिबंधित इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार धौरहरा सर्विस लेन पावर हाउस के पास संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से कुल 390 इंजेक्शन बरामद किए गए।
जानकारी के मुताबिक सोनौली पुलिस उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, हेड कांस्टेबल भानुप्रताप सिंह और कांस्टेबल प्रशान्त राय संयुक्त रूप से क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान डाईजापाम इंजेक्शन 130 एम्पुल, बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन 130 एम्पुल और प्रोमेथाज़ीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन 130 एम्पुल बरामद किए गए।
पुलिस ने गिरफ्तार युवक की पहचान समीर अहमद पुत्र हैदर अली, निवासी ग्राम बैरवा चंदनपुर खोरिया बाजार थाना नौतनवा जनपद महराजगंज के रूप में की है। आरोपी की उम्र लगभग 23 वर्ष बताई गई है।
NDPS एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना सोनौली में मु0अ0सं0-40/2026 के तहत धारा 8/22/23 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार युवक के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी और संबंधित धाराओं के तहत नौतनवा और परसामलिक थानों में दर्ज मुकदमे शामिल बताए गए हैं।