पानी की टंकी के भूमि संबंधी शिकायत की जांच करने एसडीएम फरेंदा शैलेंद्र कुमार गौतम मौके पर पहुंचे।

सौरभ जायसवाल की रिपोर्ट 

महाराजगंज जिले के आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के स्वामी विवेकानंद नगर वार्ड में बन रही पानी की टंकी के भूमि संबंधी शिकायत की जांच करने शनिवार को उपजिलाधिकारी फरेंदा शैलेंद्र कुमार गौतम मौके पर पहुंचे।

यह शिकायत नगर पंचायत द्वारा धार्मिक महत्व की भूमि और खलिहान की भूमि पर टंकी बनाने के संबंध में की गई थी।

उपजिलाधिकारी ने स्वामी विवेकानंद नगर वार्ड में शिकायतकर्ता और ग्रामीणों को बुलाकर मौके पर भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने लेखपाल से भूमि के संबंध में सत्यता की जांच भी कराई।

जांच में पाया गया कि मामला शिकायत पत्र के अनुरूप नहीं था, विशेषकर धार्मिक भूमि के संबंध में। इसके बाद उन्होंने नगर पंचायत को खलिहान की भूमि को छोड़कर निर्धारित स्थान पर ही पानी की टंकी बनाने का निर्देश दिया।

उपजिलाधिकारी ने शिकायतकर्ता को भविष्य में सरकारी कार्य में बाधा न डालने और झूठी शिकायत करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

फरेंदा उपजिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि वार्ड नंबर चार स्वामी विवेकानंद नगर की सभासद कंचनलता यादव और उनके प्रतिनिधि ने ग्रामीणों के साथ 15 अप्रैल को जिलाधिकारी महाराजगंज को शिकायत पत्र देकर जांच की मांग की थी।

उन्होंने पुष्टि की कि जांच कराई गई है और खलिहान की भूमि का सीमांकन कराकर उसे छोड़कर निर्धारित स्थान पर ही पानी की टंकी बनाने का निर्देश दिया गया है।

इस अवसर पर थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह, लेखपाल अमरेश कुमार, उपनिरीक्षक निरंजन राय, राजेंद्र प्रसाद चौधरी सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!