मो.हस्सान की रिपोर्ट
बाराबंकी: जनपद बाराबंकी के थाना कुर्सी क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने ऐसा सख्त और प्रभावी चेकिंग अभियान चलाया, जिसने पूरे इलाके में कानून का असर साफ महसूस करा दिया। भीषण गर्मी के बीच भी टीएसआई मधु सूदन सिंह और उनकी टीम जिस तरह सड़क पर डटी रही, वह काबिले-तारीफ ही नहीं बल्कि एक मिसाल बन गया।

अभियान के दौरान पुलिस की पैनी नजर हर उस वाहन पर रही जो नियमों को ताक पर रखकर चल रहा था। खास तौर पर बुलेट बाइक में पटाखे जैसी तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। ऐसे वाहनों को रोककर न सिर्फ जांच की गई बल्कि मौके पर ही चालान कर स्पष्ट संदेश दिया गया कि अब लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।

वहीं डंपर और ट्रकों में लगे खतरनाक प्रेशर हॉर्न पर भी पुलिस ने जोरदार कार्रवाई की। ये हॉर्न आम लोगों के लिए परेशानी और हादसों का कारण बनते हैं, जिन्हें हटवाने और चालान करने की मुहिम पूरी सख्ती के साथ चलाई गई।

इस दौरान टीम ने बिना हेलमेट सड़कों पर फर्राटा भरने वालों मॉडिफाइड साइलेंसर से शोर मचाने वालों और बिना ड्राइविंग लाइसेंस (DL) के वाहन चलाने वालों पर ताबड़तोड़ चालान किए। पुलिस की इस सख्ती से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया और कई लोग तुरंत ही सतर्क हो गए।
सबसे खास बात यह रही कि भीषण गर्मी में भी कुर्सी थाना पुलिस का जज्बा जरा भी कम नहीं हुआ। पसीने से तर-बतर होने के बावजूद टीम लगातार मुस्तैदी से ड्यूटी करती रही, जो उनकी जिम्मेदारी और जनता के प्रति समर्पण को दर्शाता है। ऐसे प्रयास न सिर्फ कानून व्यवस्था को मजबूत करते हैं बल्कि आम जनता में सुरक्षा और भरोसे की भावना भी पैदा करते हैं।
पुलिस का साफ संदेश: अब सड़क पर मनमानी नहीं चलेगी, नियम तोड़ोगे तो सीधा चालान होगा। कुर्सी पुलिस का यह अभियान एक सख्त चेतावनी है सुरक्षित चलें, नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनें।