विनोद पांडे की रिपोर्ट
चमोली/ उत्तराखण्ड: चारधाम यात्रा–2026 की तैयारियों के क्रम में मा० मंत्री ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म, मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा जनपद चमोली के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी द्वारा आज श्री बद्रीनाथ धाम तक यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा मा० प्रभारी मंत्री का स्वागत किया गया। निरीक्षण के दौरान चारधाम यात्रा एवं बद्रीनाथ धाम में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
गढ़वाल मंडल विकास निगम, पीपलकोटी में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक चमोली द्वारा मा० प्रभारी मंत्री को माँ नंदा देवी राजजात यात्रा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

निरीक्षण के दौरान मा० प्रभारी मंत्री द्वारा बद्रीनाथ हाईवे पर चल रहे सुधारीकरण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई तथा संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर हाईवे कार्यों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, वहाँ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान विधायक थराली भूपाल राम टम्टा व अन्य लोग मौजूद रहे।