उन्नाव में सड़क हादसे में युवक की मौत, चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल, परिजनों ने निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया।

तनवीर खान की ब्यूरो रिपोर्ट 

उन्नाव। असोहा थाना क्षेत्र में निमैचा गांव के पास एक सड़क हादसे में 22 साल के युवक की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है। निमैचा निवासी अमित कुमार (22) पुत्र रमेश अपने चचेरे भाई राम कारण (19) पुत्र तुलसी राम के साथ कालेऊ खेड़ा से लौट रहे थे। शिवगढ़ के पास एक पुलिया के नजदीक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राम कारण गंभीर रूप से घायल हो गया। बता दे की घायल राम कारण को तत्काल इलाज के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक अमित कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजन राजकुमार गौतम ने आरोप लगाया है कि यह हादसा सड़क निर्माण में बरती गई लापरवाही के कारण हुआ है। उन्होंने बताया कि जिस पुलिया पर दुर्घटना हुई, वहां कोई चेतावनी संकेत या स्टीकर नहीं लगाया गया था। गौतम के अनुसार, पुलिया पर चेतावनी संकेतों के अभाव के कारण अक्सर ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। परिवार ने बताया कि अमित कुमार अपने तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे। वह पढ़ाई के साथ-साथ निजी काम करके परिवार की आर्थिक मदद भी करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!