सौरभ जायसवाल की रिपोर्ट
बृजमनगंज/ महराजगंज:दो बाईकों की आपस के टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बुधवार की दोपहर सवा 12 बजे के करीब बृजमनगंज कोल्हुई मार्ग पर घोड़नामपुर चौराहा पर घटित हुई। घटना के बाद राहगीरों ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत की गंभीरता को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर के लिए रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि रंगीलाल निवासी ग्राम वलीबख्शपुर अपनी बाइक से बृजमनगंज बाजार की तरफ आ रहे थे। उसी दौरान एक ही बाइक पर सवार वीरू गौतम व राघवेंद्र निवासीगण ग्राम पिपरहना जनपद सिद्धार्थनगर अनियंत्रित गति से विपरीत दिशा से आकर रंगीलाल की बाइक में ठोकर मार दिए। दोनों बाईकों पर सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको इलाज के लिए भेजा गया है। स्वजन को सूचना दे दी गई है।