उन्नाव में गांधी तिराहे का सौंदर्याकरण पूरा,सांसद साक्षी महाराज और डीएम ने किया लोकार्पण, महिलाओं के लिए पिंक बूथ बना।

तनवीर खान की ब्यूरो रिपोर्ट 

उन्नाव। शहर के प्रमुख गांधी तिराहे के सौंदर्याकरण और विकास कार्यों का बुधवार दोपहर लोकार्पण किया गया। सांसद साक्षी महाराज और जिलाधिकारी गौरांग राठी ने संयुक्त रूप से करोड़ों रुपये की लागत से विकसित इस तिराहे का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लोकार्पण के दौरान तिराहे पर हुए विभिन्न विकास कार्यों, आकर्षक कलाकृतियों और जनसुविधाओं का निरीक्षण किया।

इस परियोजना में बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सड़क का चौड़ीकरण और आसपास के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करना शामिल है। बता दे कि तिराहे को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देने के लिए विशेष डिजाइन तैयार किया गया है। इसी अवसर पर एक “पिंक बूथ” का भी शुभारंभ किया गया। यहां महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को बढ़ाना तथा शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना है।

जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि उन्नाव जनपद का इतिहास समृद्ध और गौरवशाली रहा है। यहां कई महान विभूतियों ने जन्म लिया और देश की आजादी व विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन हस्तियों की स्मृति को संरक्षित रखने और नई पीढ़ी को उनके योगदान से अवगत कराने के लिए “गौरव शिला” का निर्माण किया गया है, जिसमें उनके जीवन और कार्यों को दर्शाया गया है। तिराहे पर “कलम और तलवार की धरती” थीम पर आधारित एक विशेष कलाकृति भी स्थापित की गई है। यह कलाकृति उन्नाव की ऐतिहासिक, साहित्यिक और वीरता की परंपरा को दर्शाती है। जिलाधिकारी ने कहा कि यह कलाकृति उन्नाव की साहित्य और वीरता के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान को जीवंत करती है। सांसद साक्षी महाराज ने भी इस विकास कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सांसद ने ऐसे प्रयासों को शहर को स्मार्ट और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!