नूंह/चंडीगढ़,12 अप्रैल 2026
नूंह जिले में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जहां ठग व्हाट्सएप के जरिए एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल हैक कर रहे हैं। ताजा मामला नूंह जिले के तावडू शहर से जुड़ा है, जहां कई लोग इस प्रकार की ठगी का शिकार बन चुके हैं। तावडू निवासी वरिष्ठ पत्रकार नरेश मेहंदीरत्ता के साथ करीब 4 लाख 70 हजार रुपये की ठगी हुई है।
उक्त ठगी को लेकर पुलिसिया कार्यवाही पर सवालिया निशान लगाते हुए श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ इंदु बंसल जैन ने बताया कि गत 6 अप्रैल को पीड़ित पत्रकार नरेश मेंहदीरत्ता ने अपने साथ हुई 4 लाख 70 हजार की ठगी को लेकर नूंह जिले के सायबर थाने में मुकदमा संख्या 0057 दर्ज करवाया था, लिकिन आज एक सप्ताह बाद भी पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नाकाम रही है। जो कहीं न कहीं पुलिसिया कार्यवाही पर सवालिया निशान लगाते हैं।
डॉ बंसल ने बताया पीड़ित पत्रकार नरेश हाल ही में एक धार्मिक यात्रा के दौरान महाराष्ट्र गए थे, जहां उनकी एक ट्रैवल एजेंसी संचालक से पहचान हुई थी। घर लौटने के बाद उन्हें उसी एजेंसी के नाम से व्हाट्सएप पर एक चालान से जुड़ी एपीके फाइल भेजी गई, जिसे उन्होंने भरोसे में आकर क्लिक कर लिया। फाइल पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल और व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके अकाउंट का इस्तेमाल करते हुए अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से उनके खाते से 4.70 लाख रुपये निकाल लिए। इतना ही नहीं, हैकर्स ने उनके मोबाइल में सेव सभी कॉन्टैक्ट्स को भी वही एपीके फाइल भेज दी, जिससे अन्य लोग भी इस ठगी के जाल में फंसते चले गए। नूंह जिले में अब तक अनेकों लोग इस तरह की ठगी के शिकार हो चुके है।
नूंह पुलिस गहरी नींद में सोई है। शायद पुलिस किसी ओर बड़े अपराध होने का इंतजार कर रही है।…..डॉ इंदु बंसल, प्रदेशाध्यक्ष, श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा
डॉ बंसल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल से इस मामले में पीड़ित पत्रकार के लिए न्याय की मांग करते हुए अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।