ऑपरेशन स्माइल फिर हुआ तेज: 100% रिकवरी लक्ष्य के साथ एसपी चमोली ने संबंधित विभागों संग की समन्वय बैठक।

विनोद पाण्डेय की ब्यूरो रिपोर्ट:

चमोली/उत्तराखंड: गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी हेतु संचालित “ऑपरेशन स्माइल” के सकारात्मक परिणामों के बावजूद शेष गुमशुदाओं की संख्या अधिक होने के दृष्टिगत पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार अभियान को दिनांक 18 फरवरी से आगामी 02 माह तक पुनः संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 04 चरणों में संचालित होगा।

ऑपरेशन स्माइल फिर हुआ तेज: 100% रिकवरी लक्ष्य के साथ एसपी चमोली ने संबंधित विभागों संग की समन्वय बैठक।

अभियान के दूसरे चरण के सफल संचालन हेतु आज पुलिस कार्यालय में संबंधित विभागों के साथ समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी रणनीति तय की गई।

प्रथम चरण में गठित टीम द्वारा 15 गुमशुदा व्यक्तियों को सकुशल बरामद किया गया, जिस पर पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा टीम की सराहना की गई तथा इसी प्रकार समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि— दूसरे चरण में 100% रिकवरी का लक्ष्य रखा जाए। प्रत्येक गुमशुदगी प्रकरण में गहन पड़ताल, तकनीकी विश्लेषण एवं मैदानी स्तर पर सक्रिय खोजबीन की जाए।अभियान के अंतर्गत अज्ञात शवों पर भी विशेष कार्य किया जाए। जिन अज्ञात शवों की अब तक डीएनए प्रोफाइलिंग नहीं हुई है, उनकी प्रोफाइलिंग कराई जाए। संबंधित अज्ञात शवों से संभावित मिलान हेतु पूर्व में दर्ज गुमशुदगी प्रकरणों के परिजनों को बुलाकर डीएनए सैंपल लिए जाने की कार्रवाई की जाए। गुमशुदाओं से संबंधित समस्त जानकारी निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “ऑपरेशन स्माइल” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि बिछड़े परिवारों को फिर से जोड़ने का संवेदनशील मिशन है। प्रत्येक गुमशुदा व्यक्ति की सकुशल बरामदगी ही हमारा लक्ष्य है।

इस दौरान डॉ वैष्णव (एसीएमओ चमोली), संजय कुमार बिष्ट (श्रम विभाग), सुरेश चन्द्र ( बाल कल्याण समिति), राजीव नौटियाल ( परियोजना समन्वयक), रश्मि रावत ( महिला एवं बाल विकास विभाग), रजनी पंवार ( बाल संरक्षण इकाई), उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी व अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!