सुनील कुमार पाठक की रिपोर्ट
महराजगंज: पुलिस कर्मियों के आवासीय एवं कल्याणकारी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा आज पुलिस लाइन महराजगंज परिसर में नव निर्मित होने वाले टाइप-3 आवासीय भवन का विधिवत भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित आवासीय भवन में कुल 08 फ्लोर निर्मित किए जाएंगे, जिनमें 32 आधुनिक आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा।
इन आवासों के निर्माण से जनपद में कार्यरत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी तथा उनके जीवन स्तर एवं कार्यक्षमता में सकारात्मक सुधार होगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इन आवासों के निर्माण से पुलिस परिवारों को सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय वातावरण प्राप्त होगा। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी लाइन अनुरुद्ध कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।