सौरभ जायसवाल की रिपोर्ट
बृजमनगंज/महराजगंज :- इंडियन ऑयल के बिहारीपुर पेट्रोल पंप पर गुरुवार सुबह डीजल-पेट्रोल वितरण शुरू न होने से नाराज किसानों और वाहन चालकों ने बृजमनगंज-फरेंदा मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब 45 मिनट तक चले प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र के किसान खेती-किसानी के कार्यों के लिए रात से ही ट्रैक्टर और गैलन लेकर पेट्रोल पंप पर लाइन में लगे हुए थे। सुबह पंप खुलने के बाद भी काफी देर तक तेल वितरण शुरू नहीं हुआ, जिससे लोगों का आक्रोश बढ़ गया। नाराज लोगों ने पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पंप पर डीजल और पेट्रोल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने के बावजूद कर्मचारियों द्वारा वितरण नहीं किया जा रहा था। किसानों ने कहा कि डीजल की किल्लत के कारण खेती का काम प्रभावित हो रहा है और उन्हें घंटों इंतजार करने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
सूचना पर पहुंची बृजमनगंज पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद करीब 45 मिनट बाद यातायात सामान्य हो सका। जाम के दौरान राहगीरों और स्कूली वाहनों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।