टीईटी अनिवार्यता के विरोध में 4 अप्रैल को दिल्ली में महाधरना, उन्नाव से 20 बसों के साथ जाएंगे शिक्षक।

तनवीर खान की ब्यूरो रिपोर्ट 

उन्नाव। टीईटी अनिवार्यता के विरोध में 4 अप्रैल 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित महारैली और धरना प्रदर्शन को लेकर टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (TFI) की एक विशेष संयुक्त बैठक उन्नाव के प्रकाश गेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में धरना प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई और दिल्ली चलो का नारा बुलंद किया गया। बैठक में प्रांतीय मंत्री एवं जिलाध्यक्ष उन्नाव बृजेश पाण्डेय, जिलामंत्री गजेन्द्र वर्मा (उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ उन्नाव), जिला संरक्षक राघवेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष अनुपम मिश्र, महामंत्री रामजनम सिंह तथा कोषाध्यक्ष सरल कुमार (जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ उन्नाव) मौजूद रहे। यह बैठक टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चन्द्र शर्मा के निर्देश पर आयोजित की गई।
जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय ने कहा कि टीएफआई द्वारा पहले भी रामलीला मैदान में धरने की घोषणा की गई थी, लेकिन अनुमति न देकर शिक्षक एकता को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने निर्णय लिया है कि इस बार 4 अप्रैल को रामलीला मैदान में ही धरना और महारैली होगी, चाहे अनुमति मिले या न मिले।
उन्होंने बताया कि उन्नाव से दोनों संगठनों के शिक्षक 3 अप्रैल को ही 20 से अधिक बसों के माध्यम से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। जिलाध्यक्ष अनुपम मिश्र ने कहा कि अब सभी शिक्षक संगठन एकजुट हो चुके हैं और उनकी एकता को तोड़ना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षक इस काले कानून को वापस कराकर ही दम लेंगे। बैठक में धरना प्रदर्शन को लेकर बसों की संख्या, यात्रा मार्ग, संपर्क व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई और सामूहिक रूप से रणनीति तय की गई। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संगठन के जिला मीडिया प्रभारी मदन पांडे, तहसील प्रभारी अरविंद सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप द्विवेदी, अनूप कुशवाहा, गोविंद मिश्रा, मंत्री फूलचंद सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!