उन्नाव: ऑपरेशन दहन के तहत 294 किलो से अधिक मादक पदार्थ नष्ट।

तनवीर खान की ब्यूरो रिपोर्ट 

उन्नाव। पुलिस ने ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 294 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ नष्ट किए। यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (डीडीसी) की निगरानी में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई।
न्यायालय के आदेश पर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 161 मामलों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों को दही थाना क्षेत्र स्थित AOB प्राइवेट लिमिटेड के इन्सिनरेटर प्लांट में वैज्ञानिक विधि से नष्ट किया गया।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 270.799 किलोग्राम गांजा, 200 ग्राम स्मैक, 7.844 किलोग्राम चरस, 15.180 किलोग्राम डोडा और 397 ग्राम अन्य नशीले पदार्थ शामिल हैं। इनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, यह सभी मादक पदार्थ लंबे समय से न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखे गए थे। अनुमति मिलने के बाद विधिक प्रक्रिया पूरी कर पारदर्शिता के साथ इनका विनिष्टीकरण कराया गया, ताकि इनके दुरुपयोग की संभावना खत्म हो सके।
कार्रवाई के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर दीपक यादव सहित ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बताया कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!