निचलौल गटर में शव मिलने से हड़कंप,बस स्टेशन के सामने गटर से मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस।

विप्लव मद्धेशिया की रिपोर्ट 

महराजगंज जिले के निचलौल कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया, जब बस स्टेशन के सामने गटर से एक युवक का शव बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार, आज सुबह नगर पंचायत निचलौल की टीम को गटर में गोवंश के गिरने की सूचना मिली थी। टीम जब मौके पर पहुंचकर गोवंश को बाहर निकालने लगी, तभी उसी गटर में एक शव दिखाई दिया।
शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।
मृतक की पहचान रुदरौली निवासी गजेंद्र प्रजापति (35 वर्ष) पुत्र रमेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पेशे से पेंटर था और पिछले चार दिनों से घर नहीं लौटा था। उसके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे—दो बेटियां और एक बेटा हैं।
थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने और पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!