सौरभ जायसवाल की रिपोर्ट
महराजगंज: बृजमनगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत महुलानी में सड़क निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है।
ग्राम पंचायत निधि से बन रही सड़क में एक घर के सामने चौड़ी और दूसरे के सामने संकरी सड़क बनाए जाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
प्रधान के सामने ही भड़का विवाद।
बताया जा रहा है कि विवाद उस समय बढ़ गया जब दोनों पक्षों के लोग ग्राम प्रधान के सामने ही आमने-सामने आ गए।
मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
महिला पर लाठी-डंडों से हमला।
विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने विद्यावती देवी नाम की महिला पर लाठी-डंडों व चप्पल से हमला कर दिया।
वीडियो में कुछ लोग महिला को घसीटते और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़िता ने थाने में दी तहरीर-
मारपीट की शिकार हुई विद्यावती देवी ने संबंधित थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ बेवजह मारपीट की गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, कार्रवाई की तैयारी।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।