सौरभ जायसवाल
महाराजगंज/ बृजमनगंज: नगर पंचायत बृजमनगंज में स्वच्छता और कचरा निस्तारण की बेहतर व्यवस्था स्थापित करने के उद्देश्य से एक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नगरवासियों को अपशिष्ट पृथक्करण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
यह अभियान बाबा रामचरण दास विकास समिति के तत्वावधान में चलाया जा रहा है। समिति की महिलाओं ने घर-घर जाकर लोगों को कचरे के सही प्रबंधन के बारे में जानकारी दी।
अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित करना है। उन्हें गीले कचरे से खाद बनाने की विधि भी सिखाई जा रही है। इससे कचरे की मात्रा कम होगी और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल के अनुसार, इस प्रकार अलग-अलग एकत्रित किए गए कचरे को एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर पर आसानी से संसाधित किया जा सकेगा।

अभियान के दौरान, अवधेश कुमार, पूजा, प्रियंका और दुर्गावती सहित अन्य सदस्यों ने उन घरों को स्टीकर लगाकर चिह्नित किया, जो कचरे को अलग-अलग एकत्रित कर रहे हैं।