सोनौली समाचार: कहने को सिर्फ होम डिलीवरी, सोनौली में गोदाम से बांटी जा रही गैस, जिम्मेदार चुप

महराजगंज/सोनौली (उमर शेख)। नौतनवा तहसील क्षेत्र के सोनौली नगर पंचायत में स्थित आदित्य शंकर इंडेन गैस एजेंसी में होम डिलीवरी की व्यवस्था महज कागजों तक सिमटकर रह गई है। जमीनी हकीकत यह है कि उपभोक्ताओं को उनके घर पर गैस सिलिंडर पहुंचाने के बजाय गोदाम पर बुलाकर कतारों में खड़ा किया जा रहा है। इस मनमानी व्यवस्था से आम उपभोक्ता दर-दर भटकने को मजबूर हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी और एजेंसी संचालक पूरी तरह मौन साधे हुए हैं।

सोनौली समाचार: कहने को सिर्फ होम डिलीवरी, सोनौली में गोदाम से बांटी जा रही गैस, जिम्मेदार चुप

 

होम डिलीवरी सिर्फ नाम की, गोदाम बना वितरण केंद्र-

सोनौली नगर पंचायत क्षेत्र में घरेलू गैस उपभोक्ताओं का कहना है कि आदित्य शंकर इंडेन गैस एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी की सुविधा का दावा तो किया जाता है, लेकिन व्यवहार में यह सुविधा पूरी तरह नदारद है। गैस सिलिंडर गोदाम से ही वितरित किए जा रहे हैं, जहां उपभोक्ताओं को घंटों कतार में खड़े रहना पड़ता है। यह स्थिति बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग उपभोक्ताओं के लिए विशेष रूप से कठिन बनती जा रही है।

डीएसी नंबर के बाद भी कतार, उपभोक्ताओं में रोष-

घरेलू गैस उपभोक्ता ने बताया कि बुकिंग के बाद डीएसी नंबर जारी होने के बावजूद उन्हें गैस एजेंसी पर लंबी कतारें लगानी पड़ रही हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी की ओर से अलग-अलग उपभोक्ताओं पर अलग-अलग नियम थोपे जा रहे हैं, जो न केवल भेदभावपूर्ण है बल्कि उपभोक्ता अधिकारों का खुला उल्लंघन भी है।

जिम्मेदारों की चुप्पी सबसे बड़ा सवाल-

इस पूरे मामले में सबसे गंभीर पहलू यह है कि एजेंसी संचालक से लेकर संबंधित अधिकारियों तक — सभी इस मुद्दे पर पूरी तरह चुप हैं। उपभोक्ताओं की शिकायतों पर न कोई सुनवाई हो रही है और न ही व्यवस्था सुधारने की कोई पहल दिखाई दे रही है। यह चुप्पी एजेंसी की मनमानी को और अधिक बल देती है तथा यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर किसके संरक्षण में यह अव्यवस्था बेरोकटोक जारी है।

उपभोक्ताओं की मांग है कि संबंधित अधिकारी तत्काल हस्तक्षेप कर होम डिलीवरी व्यवस्था को सख्ती से लागू कराएं और एजेंसी की मनमानी पर लगाम लगाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!