कुंभ मेले की वायरल गर्ल मोनालिसा अचानक पहुंची थाने, जानें हैरान कर देने वाली वजह

तिरुवनंतपुरम : महाकुंभ के दौरान अपनी नीली-भूरी आंखों की वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा में आईं मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वह अपने निजी जीवन को लेकर चर्चा में आई हैं। दरअसल, मोनालिसा हाल ही में केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के तम्पानूर पुलिस स्टेशन पहुंचीं और अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस से मदद मांगी। वह अपने प्रेमी फरमान के साथ थाने पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले करीब डेढ़ साल से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में हैं और उनकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए हुई थी।

परिवार के विरोध की वजह से उठाया यह कदम

जानकारी के मुताबिक, दोनों अलग-अलग धर्म से संबंध रखते हैं, जिसके कारण मोनालिसा के परिवार ने इस रिश्ते का विरोध जताया है। मोनालिसा का आरोप है कि उनके पिता जय सिंह भोसले इस संबंध के खिलाफ हैं और परिवार की ओर से उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें धमकियां मिल रही थीं, जिसके कारण उन्हें घर छोड़कर जाना पड़ा और अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस की शरण लेनी पड़ी।

वायरल गर्ल मोनालिसा
वायरल गर्ल मोनालिसा

 

पुलिस ने दस्तावेज जांच कर लिया फैसला

पुलिस ने जब दोनों से पूछताछ की कि वे अपने राज्य से इतनी दूर केरल क्यों आए हैं, तो उन्होंने बताया कि यहां आकर उन्हें लगा कि वे सामाजिक और धार्मिक दबाव से दूर सुरक्षित रह पाएंगे। पुलिस ने मोनालिसा के दस्तावेजों की जांच की, जिसमें यह पुष्टि हुई कि वह बालिग हैं। इसके बाद पुलिस ने उनके पिता को भी थाने बुलाया। कानूनी रूप से बालिग होने के कारण पुलिस ने मोनालिसा को अपने फैसले के अनुसार जीवन जीने की अनुमति दी और उन्हें फरमान के साथ जाने दिया। साथ ही प्रशासन को भी सूचित किया गया, ताकि इस जोड़े की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

महाकुंभ में वायरल वीडियो से बदली जिंदगी

मोनालिसा पहली बार तब चर्चा में आई थीं, जब साल 2025 में प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेले के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। उस समय वह अपने परिवार के साथ रुद्राक्ष और माला बेचती नजर आई थीं। उनकी अनोखी आंखों और सादगी ने लोगों का ध्यान खींचा और देखते ही देखते वह इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गईं।

फिल्म और मॉडलिंग के प्रस्ताव मिलने लगे

वायरल होने के बाद मोनालिसा को कई इंटरव्यू और मॉडलिंग के ऑफर मिलने लगे। बाद में उन्हें हिंदी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ में काम करने का मौका भी मिला। इस फिल्म का निर्देशन सनोज मिश्रा कर रहे हैं। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की रहने वाली मोनालिसा फिलहाल सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय हैं और मॉडलिंग, ब्रांड प्रमोशन तथा मनोरंजन से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं। हालांकि पारिवारिक विवाद के कारण अब उनकी सुरक्षा का मुद्दा चर्चा में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!